दानिश कनेरिया ने सरेआम उड़ाया शाहिद अफरीदी का मजाक, शेयर की बॉल टैंपरिंग की पुरानी तस्वीर
अफरीदी को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जहां कुछ पूर्व साथी उन्हें बधाई दे रहे थे, वहीं स्पिनर दानिश कनेरिया ने सरेआम ट्रोल कर दिया। दानिश ने अफरीदी की कई साल पुरानी बॉल टेंपरिंग की तस्वीर शेयर की।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को हाल ही एक नई जिम्मेदारी मिली है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष पद से रमीज राजा के बर्खास्त होने के बाद नजम सेठी ने बोर्ड की कमान संभाली और आते ही उन्होंने अफरीदी को टीम के अंतरिम चीफ सिलेक्टर की जिम्मेदारी सौंप दी। अफरीदी को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जहां कुछ पूर्व साथी उन्हें बधाई दे रहे थे, तो वहीं उनके पूर्व साथी स्पिनर दानिश कनेरिया ने सरेआम ट्रोल कर दिया। दानिश ने अफरीदी की कई साल पुरानी बॉल टेंपरिंग की तस्वीर अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की।
इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए दानिश कनेरिया ने लिखा ‘चीफ सिलेक्टर’, साथ ही उन्होंने हंसने वाले इमोजी भी लगाए। कुख्यात घटना पर्थ में मेन इन ग्रीन और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज के दौरान हुई थी। अफरीदी ने गेंद को काटकर उसकी स्थिति बदलने की कोशिश की थी। इस घटना को लाइव टीवी पर दिखाया गया और अफरीदी को 2 टी20 के लिए बैन भी कर दिया गया था।
दानिश कनेरिया की इस हरकत से कुछ पाकिस्तानी फैंस आगबबूला हो गए और उनकी फीक्सिंग की बात याद दिलाने लगे। बता दें, साल 2009 में इंग्लिश काउंटी चैम्पियनशिप प्रो-लीग मैचों में स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में उन्हें 2012 में ईसीबी द्वारा प्रतिबंधित कर दिया गया था। 6 साल बाद 2018 में कनेरियार ने स्पॉट फिक्सिंग की बात को स्वीकार कर लिया था।