भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत के एक्सीडेंट के बाद उनका हाल जानने देहरादून के अस्पताल पहुंचे अभिनेता अनिल कपूर, उनके साथ अनुपम खेर भी पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि, हम उनसे मिले और उन्हें खूब हंसाया।
भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत के एक्सीडेंट के बाद उनका हाल जानने देहरादून के अस्पताल पहुंचे अभिनेता अनिल कपूर, उनके साथ अनुपम खेर भी पहुंचे थे। अस्पताल पहुंचे दोनों अभिनेताओं ने बताया कि, हमनें ऋषभ और उनकी मां से मुलाकात की है, ऋषभ की हालत अब स्थिर है। दोनों अभिनेताओं ने लोगों से ऋषभ के लिए प्रार्थना करने की भी बात कही। अस्पताल से बाहर आने पर दोनों अभिनेताओं ने बताया कि, हमने उनसे बात की और उन्हें खूब हंसाया। बता दें कि, शुक्रवार की सुबह ऋषभ पंत की कार का एक्सीडेंट हो गया था। इस एक्सीडेंट में पंत को काफी चोटें आई थीं।

पंत के फैन हैं अनिल कपूर और अनुपम खेर
ऋषभ पंत को देखने पहुंचे अभिनेता अनिल कपूर और अनुपम खेर ने बताया कि, वो पंत के फैन हैं इसलिए उन्हें देखने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। एक सवाल का जवाब देते हुए अनुपम खेर ने कहा कि, ” हम एक फैन की तरह उनसे मिलने गए थे, हॉस्पिटल की लॉबी में बैठे थे किसी डॉक्टर ने पहचाना तो हमें उनसे मिलने दिया गया, क्योंकि हमने मास्क लगा रखा था इसलिए हमें कोई पहचान नहीं पा रहा था”
लोगों से दुआ की अपील
अस्पताल से बाहर निकलने के बाद दोनों अभिनेताओं ने ऋषभ पंत के जल्द से जल्द सेहतमंद होने के लिए लोगों से दुआ करने की अपील की। उन्होंने लोगों को गाड़ी को कम रफ्तार में चलाने की भी सलाह दी। अनिल कपूर ने कहा कि, हम दुआ करते हैं, वो जल्दी से स्वस्थ्य हो जाएं और मैदान पर वापसी करें। पत्रकारों से बात करते हुए खेर ने कहा कि, हमें ऐसे वक्त पर देखने जाना चाहिए।
कैसी है ऋषभ पंत की हालत
पंत अभी ठीक बताए जा रहे हैं। बीसीसीआई ने कहा कि, हालत स्थिर होने के कारण उन्हें कहीं और शिफ्ट करने का प्लान नहीं है। डॉक्टरों ने बताया था कि, उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है, माथे और घुटनों में भी चोट आई है। हलांकि ऋषभ की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
कार का शीशा तोड़कर बाहर निकले थे पंत
तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराने के बाद कार में आग लग गई थी। चोटिल ऋषभ पंत ने कार का शीशा तोड़ा और खुद को बाहर निकाला जिससे उनकी जान बच गई। क्रिकेटर होने के कारण उनकी फुर्ती उनकी जान बचाने के काम आई।